June 24, 2026 9:46 pm

स्कूलों को मिलेंगे 10 हजार वाइस प्रिंसिपल, ऑफलाइन काउंसलिंग से पोस्टिंग की संभावना….

Picture of Jitu Kumar

Jitu Kumar

स्कूलों को मिलेंगे 10 हजार वाइस प्रिंसिपल, ऑफलाइन काउंसलिंग से पोस्टिंग की संभावना

बीकानेर‌, @MaruSangram। राज्य के सीनियर सेकेंडरी स्कूलों को जल्द ही 10 हजार वाइस प्रिंसिपल मिलेंगे। 17 फरवरी को डीपीसी में चयनित वाइस प्रिंसिपल के चयन आदेश मंगलवार को माध्यमिक शिक्षा निदेशक गौरव अग्रवाल ने जारी कर दिए हैं।

डीपीसी में वाइस प्रिंसिपल के 10096 पदों पर व्याख्याताओं का चयन किया गया है। जिसमें 91 सील कवर और 7 डेफर है। पदोन्नत वाइस प्रिंसिपल को काउंसलिंग के जरिए स्कूलों में रिक्त पदों पर पोस्टिंग दी जाएगी। हालांकि शिक्षा विभाग की ओर से आजकल ऑनलाइन काउंसलिंग करवाई जा रही है।

उधर, पदोन्नत वाइस प्रिंसिपल की संख्या 10 हजार से अधिक होने के कारण शिक्षक ऑफलाइन काउंसलिंग की मांग कर रहे हैं। मंगलवार को शिक्षक संघ रेसला के प्रदेशाध्यक्ष गिरधारी गोदारा ने इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा निदेशक को ज्ञापन दिया।

वही प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षक संघ के महामंत्री महेंद्र पांडे ने शिक्षा मंत्री डॉ. बीडी कल्ला को ऑफलाइन काउंसलिंग का ज्ञापन भेजा है। शिक्षक नेताओं ने कहा कि ऑनलाइन काउंसलिंग में मॉड्यूल की कैपेसिटी 10 हजार तक बढ़ानी होगी। यह संभव नहीं होगा। वहीं प्रत्येक वाइस प्रिंसिपल को 10 हजार स्कूल प्राथमिकता से चयन करने होंगे। जिसमें त्रुटि की संभावना अधिक है।

बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए काउंसलिंग जल्द होने की उम्मीद

10वीं, 12वीं और आठवीं की बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए पदोन्नत वाइस प्रिंसिपल की काउंसलिंग जल्द करवाने की संभावना जताई जा रही है। बोर्ड परीक्षाएं अगले महीने शुरू हो जाएंगी। वही वर्तमान में राज्य के 6 हजार स्कूलों में प्रिंसिपल के पद रिक्त चल रहे हैं। वहीं अनेक स्कूल ऐसे हैं जहां वाइस प्रिंसिपल भी नहीं है। पदोन्नत वाइस प्रिंसिपल की पोस्टिंग से बोर्ड और गृह परीक्षाओं के आयोजन ठीक तरह से हो पाएगा।

डीपीसी में चयनित वाइस प्रिंसिपल के चयन आदेश जारी कर दिए गए हैं। शिक्षक संगठनों ने पोस्टिंग के लिए काउंसलिंग ऑफलाइन कराने का ज्ञापन दिया है।
गौरव अग्रवाल, निदेशक, माध्यमिक शिक्षा

Jitu Kumar
Author: Jitu Kumar

Recent Posts