August 29, 2026 2:21 pm

बीकानेर में पार्षद चुनाव से ज्यादा महापौर की चर्चा, महावीर रांका का नाम सबसे आगे…..

Picture of Sarjit Singh

Sarjit Singh

बीकानेर में पार्षद चुनाव से ज्यादा महापौर की चर्चा, महावीर रांका का नाम सबसे आगे…..

 

  • बीकानेर में पार्षद चुनाव से ज्यादा महापौर की चर्चा, महावीर रांका का नाम सबसे आगे…..

 

 

बीकानेर, @MaruSangram। बीकानेर नगर निगम चुनाव भले ही पार्षद पद के लिए हो रहे हों, लेकिन शहर के राजनीतिक गलियारों में इन दिनों चर्चा पार्षद प्रत्याशियों से ज्यादा महापौर पद की संभावित दावेदारी को लेकर हो रही है। इस चर्चा के केंद्र में पूर्व नगर विकास न्यास अध्यक्ष महावीर रांका का नाम प्रमुखता से सामने आ रहा है।

 

कार्यकर्ताओं के साथ आयोजित विजय संकल्प सम्मेलन भी महापौर पद की चर्चाओं से अछूता नहीं रहा। शिव पार्वती भवन के अंदर और बाहर कार्यकर्ताओं के बीच पार्षद टिकट से ज्यादा चर्चा इस बात की रही कि भाजपा की ओर से महापौर पद के लिए किस चेहरे को आगे किया जा सकता है।

 

महावीर रांका के नाम की क्यों हो रही चर्चा?

राजनीतिक चर्चाओं के अनुसार महावीर रांका का स्वयं का वार्ड सामान्य महिला श्रेणी में आने के बावजूद उनके नाम को लेकर चर्चाएं जारी हैं। राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि पार्टी की ओर से महापौर पद के लिए किसी पार्षद प्रत्याशी का होना अनिवार्य नहीं माना जाता और पार्टी अपने स्तर पर किसी भी उपयुक्त चेहरे को आगे कर सकती है।

 

इसी वजह से सामान्य श्रेणी की महापौर सीट होने के बाद रांका के किसी अन्य वार्ड से चुनाव लड़ने की संभावनाओं को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं।

 

खासतौर पर वैश्य समुदाय बाहुल्य वार्डों को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।

 

सोशल मीडिया पर भी रांका को लेकर चर्चा

पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर महावीर रांका को लेकर अलग-अलग रील्स और वीडियो भी वायरल होने की चर्चा है। इन्हें उनके समर्थकों की ओर से महापौर पद की दावेदारी के समर्थन के तौर पर देखा जा रहा है।

 

हालांकि सोशल मीडिया पर वायरल सामग्री या समर्थकों की राय को शहर की जनता की आधिकारिक राय मानना उचित नहीं होगा।

 

भाजपा में और भी दावेदार

ऐसा नहीं है कि महापौर पद के लिए भाजपा में केवल महावीर रांका का ही नाम चर्चा में है। राजनीतिक गलियारों में अन्य दावेदारों के नाम भी बताए जा रहे हैं, लेकिन फिलहाल वे खुलकर सामने नहीं आए हैं।

सियासी चर्चाओं में यह भी कहा जा रहा है कि यदि भाजपा का बोर्ड बनता है तो महापौर के चयन में पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व और केंद्रीय स्तर के प्रभाव की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है।

 

अब किसके सिर सजेगा महापौर का ताज?

फिलहाल बीकानेर में नगर निगम चुनाव को लेकर सबसे बड़ा सवाल यही है कि यदि भाजपा बहुमत हासिल करती है तो महापौर का ताज किसके सिर सजेगा?

महावीर रांका का नाम फिलहाल चर्चाओं में प्रमुखता से बना हुआ है, इसके अलावा श्याम सिंह हाड़ला, सुशीला कंवर राजपुरोहित, मोहन सुराणा, दीपक पारीक, सुरेंद्र सिंह शेखावत, गोपाल अग्रवाल, भगवान सिंह मेड़तिया के नाम प्रमुख रूप से चर्चा में हैं। लेकिन अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व ही करेगा। चुनाव परिणाम और भाजपा की अधिकृत रणनीति सामने आने के बाद ही तस्वीर साफ होगी।

Sarjit Singh
Author: Sarjit Singh

Recent Posts