
बीकानेर, @MaruSangram। विगत विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस से बगावत कर भाजपा में शामिल हुए समाजसेवी एवं भाजपा नेता राजकुमार किराडू ने आगामी बीकानेर नगर निगम चुनाव को लेकर अपनी टीम के साथ चुनावी मोर्चा खोल दिया है। किराडू ने स्पष्ट किया है कि वे स्वयं चुनाव नहीं लड़ेंगे, लेकिन उनकी टीम के सदस्य यदि भाजपा के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरते हैं तो वे पार्टी के बैनर तले चुनाव लड़ेंगे। टिकट नहीं मिलने की स्थिति में कोर कमेटी परिस्थितियों के अनुसार निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने का निर्णय ले सकती है।
निगम चुनाव को लेकर भाजपा नेता राजकुमार किराडू ने अपनी कोर कमेटी का गठन किया है। इसी कोर कमेटी के नेतृत्व में आज प्रेस वार्ता आयोजित कर नगर निगम चुनाव को लेकर रणनीति और आगामी तैयारियों की जानकारी साझा की गई।
किराडू ने कहा कि उनके साथ जुड़े कई कार्यकर्ता भाजपा के बैनर तले नगर निगम चुनाव लड़ने के इच्छुक हैं। पार्टी स्तर पर टिकट के लिए आवश्यक प्रक्रिया और औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि उनके साथियों को भाजपा से टिकट नहीं मिलता है तो कोर कमेटी चुनावी परिस्थितियों और वार्ड की स्थिति को देखते हुए आगे का निर्णय करेगी।
अपना संकल्प पत्र भी किया जारी
प्रेस वार्ता के दौरान जब किराडू से पूछा गया कि भाजपा के आधिकारिक घोषणा पत्र से पहले उनकी ओर से संकल्प पत्र क्यों जारी किया गया है, तो उन्होंने कहा कि भाजपा का घोषणा पत्र जारी होने के बाद उनके संकल्प पत्र को भी पार्टी के घोषणा पत्र के साथ जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, किराडू के अधिकांश समर्थक बीकानेर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से नगर निगम चुनाव में भाजपा टिकट की मांग कर रहे हैं। इन दावेदारों की संख्या करीब दो दर्जन बताई जा रही है। किराडू की ओर से प्रेस वार्ता के माध्यम से इन समर्थकों के लिए भाजपा से टिकट की मांग भी सामने रखी गई है।
अब निगाहें भाजपा के टिकट वितरण पर टिकी हैं। देखने वाली बात होगी कि पार्टी किराडू की टीम के कितने सदस्यों को टिकट देकर चुनाव मैदान में उतारती है और टिकट नहीं मिलने की स्थिति में किराडू की कोर कमेटी क्या रणनीति अपनाती है।
Maru Sangram News | बीकानेर
आपकी आवाज, सच के साथ
Author: Sarjit Singh







