August 28, 2026 11:05 am

महिला को संतान सुख देने पर 9 लाख का लालचः झांसे में आए शादीशुदा युवक ने गंवाए 2.25 लाख, अब ठग मांग रहे 10 लाख रुपए…..

Picture of Sarjit Singh

Sarjit Singh

महिला को संतान सुख देने पर 9 लाख का लालचः झांसे में आए शादीशुदा युवक ने गंवाए 2.25 लाख, अब ठग मांग रहे 10 लाख रुपए…..

पहली बार ऐसी ठगी !
राजस्थान में ठगी का अनोखा मामला सामने आया है। संभवतः पहली बार इस तरह की ठगी को अंजाम दिया गया है।
युवक को झांसा दिया कि उसे 1 साल तक एक महिला के साथ रहना होगा। एक लाख रुपए एडवांस मिलेंगे और अगर महिला गर्भवती हो गई तो 8 लाख रुपए और दिए जाएंगे। शादीशुदा युवक लालच में आ गया। ठगों ने उससे रजिस्ट्रेशन, होटल की बुकिंग, रिसॉर्ट की बुकिंग, वेरीफिकेशन और एग्रीमेंट के नाम पर 2.26 लाख रुपए ठग लिए।

अब बेबी बर्थ एग्रीमेंट (जिसमें युवक और अंजान महिला की फोटो है) के जरिए ब्लैकमेल कर ठग 10 लाख रुपए मांग रहे हैं।

पढ़िए मकान बनाने का काम करने वाला कैसे हुआ इस अनोखी ठगी का शिकार…

मकान बनाने का काम करता है, एक फोन ने बदली जिंदगी
ठगी का शिकार हुए युवक बीकानेर के नोखा तहसील के कुम्हारों का बास का रहने वाला है। वह मकान निर्माण का काम करते हैं।

वह कहता हैं- दीपावली पर मेरे मोबाइल पर एक कॉल आया था। कॉल करने वाले ने अपना नाम विकास वर्मा पुत्र अनिल वर्मा निवासी कापसहेड़ा, साउथ वेस्ट, दिल्ली बताया था।

दूसरे युवक ने अपना नाम आलोक कुमार सिंह पुत्र राकेश कुमार निवासी अमेठी, उत्तर प्रदेश बताया था।

संतान सुख देने पर 9 लाख का इनाम
फोन पर आलोक कुमार ने पीड़ित से कहा- हम नेशनल एस्कॉर्ट सर्विस कंपनी से बोल रहे हैं। हमारी कंपनी संतानहीन दंपतियों के लिए काम करती है।

जिन महिलाओं के संतान नहीं होती है या किसी कारणवश संतान पैदा नहीं कर सकती हैं, ऐसी महिलाओं को हमारी कंपनी मातृत्व सुख देने का काम करती है।

इस नेक काम में मदद करने वाले पुरुष को हम एक साल महिला के साथ रहने के लिए 1 लाख रुपए देते हैं। महिला के प्रेग्नेंट होने पर 8 लाख रुपए का इनाम भी देते हैं।

महिला के पति से भी दिलाई रजामंदी
पीड़ित को झांसे में लेने के लिए ठगों ने पूरा जाल बिछा रखा था। ठग ने महिला का नाम प्रिया वर्मा बताया। फिर एक युवक ने बात कराई, जिसने खुद को प्रिया का पति विशाल बताया।

विशाल ने पीड़ित से कहा- मेरी पत्नी को बच्चा नहीं हो रहा है। अगर प्रिया मां नहीं बनी तो वो आत्महत्या कर लेगी। उसने पीड़ित को प्रिया के साथ 1 साल रहने के लिए तैयार कर लिया।

रजिस्ट्रेशन के नाम पर पहले 500 रुपए मांगे
पीड़ित ने उन्हें हां बोल दिया। आलोक ने कहा- पहले 500 रुपए में कंपनी में रजिस्ट्रेशन कराना होगा। उसने इंडियन ओवरसीज बैंक का अकाउंट नंबर 352301000005080 दिया था। इसका आईएफसी कोड IOBA 0003523 था। खाताधारक का नाम रोहित कुमार था। उसका फोन पे, गूगल पे और पेटीएम नंबर 8544479384 दिया गया।

पीड़ित ने रजिस्ट्रेशन के लिए 500 रुपए जमा करा दिया थे। फिर स्टांप के लिए 500 रुपए और लिए गए।

प्रेग्नेंसी के लिए बनवाया एग्रीमेंट
ठगों ने पीड़ित और प्रिया के नाम पर प्रेग्नेंसी के लिए एग्रीमेंट भी बनवाया। 500 रुपए के स्टांप पेपर पर सारी शर्तों को लिखा गया था।

एग्रीमेंट के लिए ठगों ने पीड़ित की एक फोटो मंगवा ली। फिर उससे फोन पर रोहित कुमार के नंबर पर 4149 रुपए मांगे।

पीड़ित से कहा कि उसका कोर्ट से एग्रीमेंट तैयार करा रहे हैं, जिसमें वकील की फीस और बाकी के खर्च होंगे। पीड़ित ने एक लाख रुपए मिलने के लालच में उन्हें रुपए दे दिए।

ठगों ने उसका आधार कार्ड भी मंगवा लिया। रुपए भेजने के बाद उसके मोबाइल पर बेबी बर्थ नाम से एग्रीमेंट भेजा, जिसमें उसकी और एक युवती की फोटो लगी थी। इसमें नाम प्रिया वर्मा लिखा हुआ था।

मुंबई पुलिस का वेरिफिकेशन भी भेजा
ठगों ने पीड़ित को कहा- तुम्हारा एग्रीमेंट बन चुका है। एग्रीमेंट में लिखा था कि 14 नवम्बर 2023 से 14 नवम्बर 2024 तक उसे प्रिया वर्मा के साथ ही रहना होगा। वह प्रिया वर्मा के साथ नहीं रहेगा और उससे संबंध नहीं बनाएगा तो उसके खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। ठगों ने मुंबई पुलिस से वेरिफिकेशन कराने का भी एक लेटर उसे भेजा। उसे आलोक कुमार ने बोला कि कंपनी पूरे नियमों को मानती है।

उन्होंने मुंबई पुलिस से एक वेरिफिकेशन करा दिया है, ताकि आगे किसी को कोई दिक्कत न हो। कंपनी नेशनल लेवल की है। जो लेटर भेजा था, उसमें भी एक पुलिसकर्मी की फोटो लगी हुई थी।

मुंबई में कराया होटल बुक
पीड़ित बताता हैं कि- मेरे पास ठग आलोक कुमार ने फोन किया। बोला कि पहले प्रिया वर्मा से वे मुलाकात कराएंगे। दोनों की पहचान के लिए मुंबई में एक लग्जरी होटल में कमरा बुक किया जाएगा। इसके बाद कमरा बुक करने के लिए उससे 10500 रुपए मांगे गए। उसे बोला कि कमरे में उसे प्रिया के साथ रहना होगा। साथ ही अन्य दस्तावेज भी पूरे करने होंगे। लाखों कमाने के लालच में पीड़ित ने उसी फोन पे नंबर पर रुपए जमा करा दिए।

अपार्टमेंट के रजिस्ट्रेशन के नाम पर भी वसूली
ठगों ने दोनों के रहने के लिए बीजे रोड बान्द्रा में एक अपार्टमेंट लेने का झांसा दियसा । ठगों ने पीड़ित से कहा- तुम्हें एक साल प्रिया के साथ इसी अपार्टमेंट में रहना होगा। साथ रहना व खाना कंपनी का ही रहेगा।

ठगों ने एक एनओसी सर्टिफिकेट भी पीड़ित के मोबाइल पर भेजा। उस पर office of the director or galaxy aprtment, bg road, bandra, mumbai की स्टैंप लगी हुई थी।

उसे बोला कि प्ले बॉय क्लब के लिए एक पुलिस का सत्यापन कराना होगा। ये सत्यापन कराना बहुत जरूरी होता है। एक साथ देखने पर पुलिस दोनों को पकड़ सकती है। पुलिस का दबाव बनाकर उससे 10500 रुपए ले लिए।

खुद के पहचान पत्र व कंपनी की आईडी भेजी
ठग इतने शातिर थे कि पीड़ित को बार-बार झांसा देते रहे। शक न हो, इसलिए ठगों ने खुद के पहचान पत्र और कंपनी की आईडी के दस्तावेज भी भेज दिए।

उसे GIGOLO CALL BOY का पहचान पत्र और प्रिया के कथित पति विशाल वर्मा का पैन कार्ड भेज दिया। खुद के आफिस में काम करते हुए का एक फोटो भी भेज दिया।
m/s jw play work 201 to 211, Fridabad, Haryana और play boy कंपनी की बिल्डिंग की फोटो और रजिस्ट्रेशन भी भेज दिया था।

पीड़ित बताते हैं कि- दोनों ठगों ने अलग-अलग बहाने बनाकर मुझसे रुपए वसूले। कभी होटल के 21500 रुपए तो कभी 18500 रुपए ट्रैवल चार्ज के नाम पर लिए। अब तक कुल दो लाख 26 हजार रुपए ले चुके हैं।

ठगे जाने का अहसास होने पर मैंने और रुपए देने से इनकार किया। इसके बाद ठग मुझे ब्लैकमेल कर रहे हैं।

ठग मुझे धमकी दे रहे हैं कि तेरी फोटो के साथ प्रिया वर्मा की फोटो लगाकर अश्लील फोटो बना ली है। तेरा पहले से एग्रीमेंट बन चुका है। रुपए नहीं देगा तो इन्हें वायरल कर देंगे। महिला से मुकदमा दर्ज करवा देंगे। तू किसी को मुंह दिखाने लायक नहीं रहेगा।

अनिल सोनी एडवोकेट, बीकानेर-: इस गिरोह ने किसी को भी नहीं छोड़ा है। कई लोगों से लाखों रुपए की ठगी कर चुके हैं।

दो बच्चों का पिता है पीड़ित
36 साल के पीड़ित की शादी हो चुकी है। वह दो बच्चों के पिता हैं। ब्लैकमेलिंग कांड के बाद से उसके मां-बाप भी काफी परेशान हैं। परिवार की स्थिति भी बेहद खराब है। पहले 8 लाख रुपए मिलने के लालच में बचत के रुपए जमा करा दिए। कई साथी मजदूरों से भी रुपए उधार लिए थे। इतने रुपए देने के बाद भी ठग रोजाना रुपए देने का दबाव बना रहे हैं।

Copy News

Sarjit Singh
Author: Sarjit Singh

Recent Posts