

बेसिक पी.जी. कॉलेज में रोजगार और करियर का महामंच 5 अक्टूबर को, 25 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियाँ होंगी शामिल…..
बेसिक पी.जी. कॉलेज में रोजगार और करियर का महामंच 5 अक्टूबर को, 25 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियाँ होंगी शामिल….
बीकानेर, @MaruSangram। बेसिक पी.जी. महाविद्यालय, बीकानेर द्वारा विद्यार्थियों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा उन्हें उद्योग जगत की अपेक्षाओं के अनुरूप तैयार करने के उद्देश्य से “Career Connect-2026: Employability & Career Oriented Campus Placement” रोजगार मेले का आयोजन 05 अक्टूबर 2026 को प्रातः 9.30 बजे से महाविद्यालय परिसर में किया जाएगा।
महाविद्यालय द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के करियर निर्माण, रोजगारपरक कौशल विकास, व्यावसायिक दक्षता तथा उद्योग एवं शिक्षा के बीच मजबूत समन्वय की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधियों से सीधे संवाद करने तथा अपनी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर तलाशने का अवसर मिलेगा।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुरेश पुरोहित ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को वर्तमान रोजगार बाजार की आवश्यकताओं से परिचित कराना और उन्हें रोजगार के लिए आवश्यक कौशल, व्यवहारिक दक्षताओं एवं पेशेवर तैयारी से सशक्त बनाना है।
उन्होंने बताया कि देशभर की 25 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधि कार्यक्रम में भाग लेकर विद्यार्थियों से संवाद करेंगे तथा विभिन्न पदों के लिए चयन प्रक्रिया संचालित करेंगे।
कार्यक्रम समन्वयक डॉ. रोशनी शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए करियर मार्गदर्शन, कौशल परीक्षण, ग्रुप डिस्कशन, व्यक्तिगत साक्षात्कार, रेज्यूमे संबंधी मार्गदर्शन तथा ऑन-कैंपस चयन प्रक्रिया जैसी विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।
कंपनियों द्वारा विद्यार्थियों की शैक्षणिक योग्यता, कौशल एवं क्षमता के आधार पर रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए जाएंगे।
महाविद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष रामजी व्यास ने कहा कि वर्तमान समय में केवल शैक्षणिक ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में रोजगारपरक कौशल, संचार क्षमता, समस्या समाधान की क्षमता और व्यावसायिक दृष्टिकोण का विकास भी आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को शिक्षा से रोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए एक प्रभावी मंच प्रदान करेगा।
रामजी व्यास ने सभी विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में भाग लेकर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाएं।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए महाविद्यालय प्रशासन, आयोजन समिति, संकाय सदस्यों एवं छात्र प्रतिनिधियों द्वारा आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। विद्यार्थियों की सुविधा, कंपनियों के प्रतिनिधियों के समन्वय तथा चयन प्रक्रिया के सुचारू संचालन के लिए विभिन्न समितियों एवं टीमों का गठन किया गया है।
महाविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों से आग्रह किया है कि वे आवश्यक दस्तावेजों एवं अद्यतन बायोडाटा के साथ निर्धारित समय पर कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित होकर इस रोजगार मेले का अधिकतम लाभ उठाएं।







