September 3, 2026 11:03 am

बीकानेर बनेगा वृंदावन धाम: इस्कॉन का भव्य जन्माष्टमी महोत्सव 4 सितंबर को, 56 भोग से लेकर कीर्तन तक होंगे खास आयोजन……

Picture of Sarjit Singh

Sarjit Singh

बीकानेर बनेगा वृंदावन धाम: इस्कॉन का भव्य जन्माष्टमी महोत्सव 4 सितंबर को, 56 भोग से लेकर कीर्तन तक होंगे खास आयोजन……

बीकानेर बनेगा वृंदावन धाम: इस्कॉन का भव्य जन्माष्टमी महोत्सव 4 सितंबर को, 56 भोग से लेकर कीर्तन तक होंगे खास आयोजन……

बीकानेर। “हरे कृष्ण… हरे कृष्ण… नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की…” के जयघोष से आगामी 4 सितंबर को बीकानेर भक्तिमय वातावरण में सराबोर होगा।

अंतरराष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) तथा रोटरी क्लब ऑफ बीकानेर रॉयल्स के संयुक्त तत्वावधान में वृंदावन रीजेंसी होटल में भव्य जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।

इस बार आयोजन की विशेष थीम “वृंदावन धाम” रखी गई है, जिसके माध्यम से बीकानेरवासियों को बीकानेर में ही वृंदावन धाम जैसा आध्यात्मिक एवं भक्तिमय वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

इस्कॉन बीकानेर के केंद्र प्रभारी संकर्षण प्रिय प्रभुजी ने बताया कि जन्माष्टमी महोत्सव के लिए भक्तों द्वारा विशेष तैयारियां की जा रही हैं।

कार्यक्रम स्थल पर वृंदावन धाम की झलक दिखाई देगी। सजावट के माध्यम से श्री यमुना जी, भगवान श्रीकृष्ण की माखन-मटकियां तथा वृंदावन के रमणीय स्थलों को आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को ऐसा अनुभव कराना है कि वे बीकानेर में रहते हुए भी वृंदावन धाम में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मना रहे हैं।

मधुर कीर्तन से शुरू होगा भक्तिमय कार्यक्रम
इस्कॉन भक्त श्यामसुंदर जीवन प्रभुजी ने बताया कि जन्माष्टमी के दिन शाम 5 से 6 बजे तक मधुर हरिनाम संकीर्तन एवं कीर्तन का आयोजन होगा। इसके बाद शाम 6 से 8 बजे तक विभिन्न सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित नृत्य, श्लोक उच्चारण, नाट्य प्रस्तुति एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रमुख रहेंगे।

इन प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनकी बाल लीलाओं तथा उनके संदेश को श्रद्धालुओं तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

श्री राधा-कृष्ण का भव्य पंचामृत अभिषेक
इस्कॉन भक्त श्रीमान भक्तवत्सल निमाई प्रभुजी ने बताया कि शाम 8 से 10 बजे तक भगवान श्री श्री राधा-कृष्ण जी का भव्य पंचामृत अभिषेक किया जाएगा। अभिषेक के दौरान भक्तिमय वातावरण और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान का विशेष पूजन किया जाएगा। यह आयोजन जन्माष्टमी महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रहेगा।

इसके पश्चात रात्रि 10 से 11 बजे तक भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य कथा का आयोजन होगा, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनकी लीलाओं और उनके आध्यात्मिक संदेश पर प्रकाश डाला जाएगा।

आधी रात के बाद आरती और 56 भोग के होंगे दर्शन
भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य कथा के बाद भगवान की विशेष आरती की जाएगी तथा श्रद्धालुओं को 56 भोग के दर्शन होंगे। जन्माष्टमी के इस पावन अवसर पर भगवान को विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया जाएगा। इसके बाद उपस्थित सभी भक्तों के लिए प्रसाद की व्यवस्था भी की गई है।

आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न प्रकार के आध्यात्मिक खेल एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इनमें भाग लेने वाले विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

5 सितंबर को होगा नन्दोत्सव और व्यास पूजा
जन्माष्टमी के अगले दिन 5 सितंबर को भी वृंदावन रीजेंसी होटल में भव्य नन्दोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसी अवसर पर इस्कॉन के संस्थापक आचार्य श्रील प्रभुपाद जी की व्यास पूजा भी श्रद्धापूर्वक मनाई जाएगी। यह कार्यक्रम 5 सितंबर को सुबह 11 बजे से प्रारंभ होगा।

नन्दोत्सव भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की खुशी में मनाया जाने वाला विशेष उत्सव है, जिसमें भक्त भगवान के जन्म की प्रसन्नता को उत्साह और भक्ति के साथ मनाते हैं।

भक्तों के सहयोग से तैयार हो रहा भव्य आयोजन
आयोजकों ने बताया कि किसी भी बड़े धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन को सफल बनाने में विभिन्न सेवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसी प्रकार जन्माष्टमी एवं नन्दोत्सव के इन दोनों कार्यक्रमों की तैयारियों में भी इस्कॉन के अनेक भक्त अपनी-अपनी सेवाएं देकर सहयोग कर रहे हैं। सजावट, प्रसाद व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रम, अभिषेक, पूजन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं में भक्त उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।

इस्कॉन एवं रोटरी क्लब ऑफ बीकानेर रॉयल्स की ओर से समस्त बीकानेर वासियों से विनम्र आग्रह किया गया है कि वे 4 सितंबर को आयोजित भव्य जन्माष्टमी महोत्सव तथा 5 सितंबर को होने वाले नन्दोत्सव एवं श्रील प्रभुपाद जी की व्यास पूजा में सपरिवार शामिल हों और भगवान श्री राधा-कृष्ण की भक्ति एवं दिव्य वातावरण का आनंद लेकर अपने जीवन को आध्यात्मिक रूप से सार्थक बनाएं।

Recent Posts