

हनुमानगढ़
दो बहनों ने मिलकर रची पति को मारने की साजिश, ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी सुलझाने में पुलिस के पसीने छूटे!….
हनुमानगढ़, @MaruSangram। हनुमानगढ़ जंक्शन पुलिस ने निर्मल सिंह की हत्या के मामले में उसकी वर्तमान और पूर्व पत्नी को भी गिरफ्तार किया है। जंक्शन पुलिस ने कुछ दिन पूर्व पिकअप चालक निर्मल सिंह के ब्लाइंड मर्डर का खुलासा किया था।
इस मामले में पुलिस ने पूर्व में निर्मल सिंह की वर्तमान पत्नी के प्रेमी जॉनी और उसके साथी राहुल को भी गिरफ्तार किया था।
जंक्शन थाना अधिकारी विष्णु खत्री के अनुसार 16 नवंबर को जॉनी ने अपने साथी राहुल सिंह के साथ मिलकर निर्मल सिंह का श्रीगंगानगर जिले के पदमपुर से अपहरण किया था और हनुमानगढ़ के धोलीपाल गांव के पास लाकर उसकी हत्या कर दी थी।
बड़ी बहन ने पति को छोड़ दिया था:
पुलिस के अनुसार निर्मल सिंह की शादी ममता से हुई थी जिसने निर्मल सिंह को छोड़ दिया था और इसके बाद ममता की बहन पायल से निर्मल सिंह की शादी हुई थी।
पायल और हत्या आरोपी जॉनी में अवैध संबंध थे। इसको लेकर निर्मल सिंह की पूर्व पत्नी ममता और उसकी बहन और वर्तमान पत्नी पायल ने जॉनी से मिलकर निर्मल सिंह की हत्या की योजना बनाई और जॉनी ने अपने साथी राहुल सिंह के साथ मिलकर 16 नवंबर को निर्मल सिंह की धारदार हथियारों से हत्या की थी।
दो बहनों का एक पति था निर्मल:
इस ब्लाइंड मर्डर का जंक्शन पुलिस ने कुछ दिन पूर्व खुलासा करते हुए जॉनी और राहुल सिंह को गिरफ्तार किया था और अनुसंधान में मृतक की वर्तमान पत्नी पायल और पूर्व पत्नी ममता की भूमिका संदिग्ध लगी. जिस पर पूछताछ में दोनों ने जॉनी और राहुल से मिलकर हत्या की योजना बनाने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार हत्या के बाद दोनों जॉनी से लगातार संपर्क में थी।
मृतक की पूर्व पत्नी ममता वर्तमान में किसी अन्य व्यक्ति के साथ रह रही है और हत्यारोपी जॉनी वर्तमान में ममता का देवर लगता है।
पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिए पुलिस इन्हें अदालत में पेश कर जेल भिजवायेगी।

Author: Sarjit Singh







