

बड़ी खबर: हिस्ट्रीशीटर कुलदीप जघीना का दिनदहाड़े मर्डर, दो पुलिसकर्मियों को भी मारी गोली…..
भरतपुर, @MaruSangram। राजस्थान के भरतपुर में भाजपा नेता कृपाल सिंह जघीना के हत्याकांड के मुख्य आरोपी गैंगस्टर कुलदीप सिंह जघीना का आज दिनदहाड़े मर्डर कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि पुलिस की मौजूदगी में गैंगस्टर कुलदीप जघीना की गोलियां मारकर हत्या की गई है।
बताया जा रहा है कि घटना बुधवार दोपहर करीब 12 बजे अमोली टोल प्लाजा के पास की है। आरोपी कुलदीप जघीना और उसके एक साथी को पुलिस बस से पेशी के लिए कोर्ट ले जा रही थी। इसी दौरान बदमाशों ने कुलदीप और उसके साथी पर गोलियां बरसा दीं।
इस घटना में कुलदीप की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहीं हादसे में घायल अन्य लोगों को भरतपुर के आरबीएम हॉस्पिटल लाया गया है, जहां इलाज चल रहा है।
पुलिस की आंखों में डाली मिर्च
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि भरतपुर के कृपाल हत्याकांड के मुख्य आरोपी कुलदीप को पुलिस कोर्ट में पेश करने के लिए रोडवेज बस में ले जा रही थी।
बस में पहले से कुछ बदमाश बैठे थे। जैसे ही बस अमोली टोल प्लाजा के पास पहुंची। यहां बदमाशों ने पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च डाल दी।
जानकारी के मुताबिक कृपाल सिंह हत्याकांड केस में गैंगस्टर कुलदीप जघीना (Gangster Kuldeep Jaghina) और उसके साथियों को महाराष्ट्र के कोल्हापुर से पकड़ा है। आरोपी फरारी काटने के लिए गोवा जा रहे थे।
कृपाल सिंह की हत्या जमीन के लेनदेन के मामले को लेकर की गई थी। कृपाल सिंह की 4 सितंबर की रात को गोलियां मारकर हत्या की गई थी।
मामले की जांच में सामने आया कि भरतपुर शहर में काली बगीची रोड पर स्थित एक बड़े भूखंड का विवाद चल रहा था।
कुलदीप सिंह उस भूखंड का सेटलमेंट कर जमीन से जुड़े लोगों को निकालकर स्वयं बेशकीमती जमीन को खरीदकर करोड़ों का सौदा कर रुपये कमाना चाहता था।
Author: Sarjit Singh







